कोर्ट गेट पर धरना प्रदर्शन के दौरान मौजूद अधिवक्ता। संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव/बांगरमऊ। बार एसोसिएशन अध्यक्ष के पहनावे को लेकर एक न्यायिक अधिकारी की ओर से की गई टिप्पणी के विरोध में अधिवक्ताओं ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। न्यायालय गेट पर बैठकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के कारण कचहरी मार्ग और पुल पर लंबा जाम लगा रहा। एसडीएम की भी गाड़ी फंसी रही। वकीलों ने रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचकर काम ठप करा दिया। निर्णय लिया कि जब तक न्यायिक अधिकारी अधिवक्ताओं को बुलाकर वार्ता नहीं करते आंदोलन जारी रहेगा।
बार एसोसिएशन के महामंत्री ब्रजेंद्र कुमार शुक्ला ने बताया कि मंगलवार को अध्यक्ष सतीश शुक्ला के गोल टोपी व चश्मा लगाने, काला कोट व गाउन पहनकर न्यायालय में न जाने पर एक न्यायिक अधिकारी ने अपत्तिजनक तरीके से बात की थी। इससे अधिवक्ताओं में आक्रोश है। गुरुवार को अधिवक्ताओं ने सुबह 10:30 बजे बार एसोसिएशन सभागार में बैठक की। इसके बाद प्रदर्शन करते हुए न्यायालय के गेट पहुंचकर जमीन पर बैठ गए। थोड़ी देर बाद अधिवक्ता रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचे और काम बंद करा दिया। पूर्व अध्यक्ष गिरीश मिश्रा ने कहा कि किसी अधिकारी का अभद्रता या अपमानजनक बर्ताव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब तक अधिकारी अधिवक्ताओं से वार्ता कर अपने बर्ताव पर खेद नहीं जताते प्रदर्शन जारी रहेगा।
बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष नरेंद्र अवस्थी, शिव प्रसाद पांडेय, पवन अवस्थी, मिर्जा जाहिर अली बेग, धरमंगल सिंह यादव, संजय कुमार शुक्ला मौजूद रहे। वहीं, बांगरमऊ में तहसील बार एसोसिएशन अध्यक्ष विष्णुकांत मिश्रा के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने विरोध किया। इस दौरान महामंत्री छोटेलाल गौतम, नरेंद्रनाथ बाजपेई, सुभाष शुक्ल, मनोज सेंगर, श्रीकांत द्विवेदी, परवेज आलम, मुजम्मिल अहमद, प्रतीक कटियार उपस्थित रहे।