नवाबगंज। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार राजगीर मिस्त्री की मौत हो गई। राजगीर मिस्त्री शुक्रवार को साले के साथ उसके लड़के की शादी के लिए लड़की देखने गया था। घर वापस लौटते वक्त वह हादसे का शिकार हो गया। साले को गंभीर चोट आई है। बाइक चला रहा राजगीर मिस्त्री हादसे के वक्त हेलमेट लगाए था।
फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के पतौली गांव निवासी राजगीर मिस्त्री देवदत्त प्रजापति 45 पुत्र स्व. सूरजबली शुक्रवार सुबह अपने 40 वर्षीय साले अमृतलाल के बेटे की शादी के लिए लड़की देखने अर्जनामऊ गया था। लड़की देखकर दोनों दोपहर एक बजे करीब बाइक से घर के लिए निकले। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर अजगैन कोतवाली क्षेत्र के बक्तूखेड़ा गांव के सामने अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहा राजगीर व उसका साला गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से पुलिस ने दोनों को सीएचसी पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। देवदत्त की हालत नाजुक होने पर उसे हैलट रेफर किया गया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। साले का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। देवदत्त की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी गुड्डी देवी चार बच्चों को कलेजे से चिपका कांप उठी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। कोतवाल अरविंद सिंह ने बताया कि मृतक के चचेरे भाई बलराम की तहरीर पर अज्ञात वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।