असोहा (उन्नाव)। पागल सियार की दहशत से दर्जनों गांवों के लोग सो नहीं पा रहे हैं । यह आएदिन गांव में घुसकर किसी न किसी को अपना शिकार बना लेता है। बीती रात भी सियार ने तीन ग्रामीणों को घायल कर दिया।
क्षेत्र के कंदरपुर, रैनापुर, भलाखेड़ा, रजबलीखेड़ा, पहाड़पुर, कुटी, एकघरा अदि गांवोें में इस समय पागल सियार का आतंक है। इसके डर से लोग सो नहीं पा रहे हैं। बीती रात कंदरपुर गांव में लल्लू तेली के लड़के लवकुश (15), शिवनारायण के पुत्र श्यामू (18) दरवाजे पर सो रहे थे। तभी सियार आक्रमण करके शरीर मेें कई जगह काटा। इसी प्रकार भलाखेड़ा में ठाकुर प्रसाद अपने नलकूप पर सो रहे थे। सुबह चार बजे के लगभग उन पर हमला कर हाथ घायल कर दिया। सुबह जब यह लोग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र असोहा इलाज कराने गए तो एंटी रैबीज टीका नहीं उपलब्ध हो सका। इस संबंध में प्रभारी चिकित्साधिकारी अतुल भारती ने बताया कि भलाखेड़ा का मरीज आया था। उसके टीका लगाया है। टीका नहीं लगाने की बात निराधार है। ग्रामीण लल्लू लोधी, भोलाशंकर, हरिनारायण, रमेश, नन्हके बाजपेई, विनोद यादव, रामऔतार आदि ने बताया कि हम लोग रात जागकर बिता रहे हैं। उन्होंने वन विभाग से उक्त सियार को पकड़कर आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।