उन्नाव। शहर के ओवरब्रिज से उतरते समय ट्रक का ब्रेक फेल हो जाने से वह ट्रैक्टर ट्राली में भिड़ गया। ट्रक अनियंत्रित होते देख चालक कूद कर भाग गया और ट्रक एक बुलेरो को टक्कर मारते हुए नाले में घुस गया। हादसे में बस से उतर कर सड़क किनारे खड़े एक ही परिवार के दस लोगों की जान जाते बची।
बुधवार सुबह करीब 11 बजे हरदोई की ओर जा रहा खाद लदा ट्रक ओवरब्रिज ढाल से नीचे उतर ही रहा था कि उसका ब्रेक फेल हो गया। सामने से आ रहे ट्रैक्टर ट्राली में भिड़ गया। इस पर चालक कूद कर भाग गया। इसके बाद ट्रक सामने से आ रही एक बुलेरो में टक्कर मारते हुए एसके द्विवेदी के मकान के सामने नाले में घुस गया। हादसे में तीन महिलाओं समेत आठ लोगों की जान जाते बची। जिस समय ट्रक नाले की तरफ बढ़ रहा था वहीं बांगरमऊ के अरगूपुर नौसहरा गांव निवासी शारदा प्रसाद पुत्र गंगादीन, उनका भाई पप्पू और चंदू के अलावा उन तीनों की पत्नियां और चार बच्चे खड़े थे। बगैर चालक के दौड़ते ट्रक को देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया तो सभी अपना-अपना सामान छोड़ दूर भाग खड़े हुए। शारदा प्रसाद ने बताया कि वह पंजाब में रहकर प्राइवेट नौकरी करता है। उसके भाई भी वहीं काम करते हैं। बताया कि उसकी बेटी की शादी थी इसीलिए वह गांव आया था और बुधवार वापस पंजाब लौट रहा था। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को किनारे कराया।