उन्नाव। जिले में मनरेगा से हरियाली लाने की कवायद शुरू हो गई है। 214 हेक्टेअर में 139750 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। ग्राम्य विकास विभाग ने सभी बीडीओ को पत्र भेजकर जल्द से जल्द पौधरोपण कराने के आदेश जारी किए हैं।
जानकारों की मानें तो समय से मानसून न आने के कारण पौधरोपण का कार्यक्रम लेट हो गया है। अमूमन जुलाई, अगस्त में होने वाला पौधरोपण सितंबर में शुरू हो रहा है। जिले के 214 हेक्टेअर में पौधरोपण कराया जाएगा। मनरेगा उपायुक्त राजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि सभी खंड विकास अधिकारियों को पत्र भेज दिया गया है। कहा गया है कि तालाब किनारे, चारागाह, स्कूल आदि की भूमि पर वृक्ष लगवाए जाएं। निर्देश दिए गए हैं कि सरकारी विभागों के नर्सरियों से ही पौधों की खरीद की जाएगी। निजी नर्सरी से खरीद पर रोक रहेगी। यदि किसी ने निजी नर्सरी से पौधे खरीदकर पौधरोपण कराया गया तो संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। मनरेगा उपायुक्त के मुताबिक, इस सितंबर में हर हाल में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष पौधरोपण कराया जाना है।