उन्नाव। अभिनेता प्राण को उनके स्कूल में टीचर और छात्रों ने श्रद्धांजलि दी। टीचर ने जब छात्रों को बताया कि महान अभिनेता प्राण तीन साल तक उन्हीं के स्कूल में पढ़े थे तो छात्र भी खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे थे।
किला स्थित जूनियर हाईस्कूल में शनिवार सुबह से ही माहौल गमगीन रहा। इंचार्ज टीचर मीना तिवारी ने छात्रों को बताया कि प्राण के पिता ठेकेदार थे। 1930 में वह उन्नाव आए। यहां उन्होंने कैथियान मोहल्ले में किराए के मकान में रहना शुरू किया। कक्षा छह में प्राण का इसी स्कूल में प्रवेश हुआ। उन्होंने प्राण के जीवन के संबंध में छात्रों को और भी जानकारी दी। इस दौरान आमिर, कौशल आदि मौजूद रहे।
नवाबगंज प्रतिनिधि के अनुसार वार्ड नंबर 10 के सभासद बांकेलाल के आवास पर श्रद्धांजलि सभा में प्राण को याद किया गया। बांकेलाल ने कहा कि प्राण को जो भी रोल दिया गया उन्होंने उसे अमर कर दिया। उन्नाव जिले से उनके जुड़े होने पर सभी को फक्र है। इस दौरान मोइनुद्दीन, युनूस शेख, जावेद आलम, अमित कुमार, राम भरोसे, राकेश राजपूत, महेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।