उन्नाव। सदर कोतवाली के गदनखेड़ा चौराहा पर सोमवार दोपहर ट्रक की टक्कर से घायल हुए इंजन मेकैनिक को समय से एंबुलेंस नहीं मिली। एंबुलेंस के इंतजार में उसका अधिक खून बह गया। समय से इलाज मिल सके इसके लिए पुलिस ने ई-रिक्शा से उसे अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
मौरावां कस्बा निवासी गोपाल कृष्ण त्रिवेदी (52) पुत्र शिवराम जेनरेटर व सिंचाई में प्रयोग होने वाले इंजन की मरम्मत का काम करते थे। परिवार के साथ वह गंगाघाट थानाक्षेत्र के अंबिकापुरम में रह रहे थे। सोमवार सुबह वह बाइक से गंगाघाट से मौरावां जा रहे थे। सदर कोतवाली के गदनखेड़ा चौराहा के निकट पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया था। इससे उनके दोनों पैर जख्मी हो गए थे। हादसे के बाद राहगीरों ने 108 एंबुलेंस को फोन मिलाया लेकिन वह समय से मौके पर नहीं पहुंच सकी। ऐसे में सिपाहियों ने ई रिक्शा से उसे अस्पताल भेजा। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गोपाल को कानपुर के लिए रेफर कर दिया। रास्ते में ही गोपाल ने दम तोड़ दिया। पिता शिवराम ने बताया कि बेटा बहू गीता व दो बेटियों के साथ अंबिकापुरम में रहता था। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।