एलकेएम के पहियों से निकली चिंगारी, हड़कंप
उन्नाव। लखनऊ से कानपुर जा रही एलकेएम (लखनऊ-कानपुर मेमू)ट्रेन अजगैन रेलवे स्टेशन पर पहुंचने वाली थी कि एक कोच के पहियों से चिंगारी के साथ धुआं निकलने लगा। इससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। चालक ने ट्रेन को आनन-फानन में रोक दिया। इसके बाद कंट्रोल को सूचना दी। ट्रेन के रुकते ही यात्रियों में भगदड़ मच गई। चालक व गार्ड ने मेंटीनेंस टीम के साथ पहियों में लगे एक्सल की रिपेयरिंग कर खामी दूर की। इस दौरान आधे घंटे से अधिक अप ट्रैक का आवागमन बाधित रहा।
रविवार सुबह करीब 8:30 बजे 64203 एलकेएम लखनऊ से चलकर अजगैन स्टेशन पहुंच रही थी। स्टेशन से कुछ दूर पहले कोच नंबर 3009 के पहियों से तेज चिंगारियों के बीच धुआं निकलने लगा। चिंगारियों की लपटें देख कोच में सवार यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। चालक व गार्ड को जानकारी होने तक ट्रेन अजगैन स्टेशन पहुंच चुकी थी। ट्रेन के रुकते ही कोच सवार यात्री अपना बचाव सोचकर स्टेशन परिसर की तरफ भाग खड़े हुए। गार्ड ने कंट्रोल रूम के साथ ही स्टेशन मास्टर को सूचना दी। इसके बाद चालक व गार्ड पहियों में आई खामी को खोजने में जुट गए। जांच के दौरान पहियों में लगा एक्सल जाम पाया गया।
स्थानीय मेंटीनेंस टीम के साथ चालक व गार्ड करीब बीस मिनट की जद्दोजहद के बाद खामी को दूर कर सके। करीब 30 मिनट बाद ट्रेन लखनऊ के लिए रवाना हो सकी। ट्रेन के फर्राटा भरने के बाद स्थानीय अधिकारियों के साथ ही यात्रियों ने राहत की सांस ली। उन्नाव रेलवे स्टेशन अधीक्षक विश्राम ने बताया कि कोच के पहियों का एक्सल हाट हो गया था।
इससे करीब 15 मिनट ट्रेन संचालन प्रभावित रहा। मेंटीनेंस के बाद ट्रेन 8:45 बजे रवाना हो गई थी।
- 64203 एलकेएम के पहियों में लगा एक्सल हुआ था जाम, 30 मिनट तक अजगैन स्टेशन पर खड़ी रही एलकेएम
अमर उजाला ब्यूरो