मंगलवार को मुरादाबाद के मूंढापांडे क्षेत्र के गांव झौंडा में दिल दहलाने वाला हादसा हुआ। यहां तालाब के किनारे पर नहा रहीं तीन सहेलियां एक दूसरे को बचाने में डूब गईं। एक किशोरी का शव तो गोताखोरों ने बरामद कर लिया जबकि दो का कोई सुराग नहीं लगा है।
उफनी रामगंगा का पानी मूंढापांडे क्षेत्र के कई गांवों को घेरे है। झौंडा गांव भी बाढ़ की चपेट में है। गांव के तालाब और सड़कें पानी से लबालब होने की वजह से एक जैसे ही दिखाई दे रहे हैं। मंगलवार की दोपहर को करीब डेढ़ बजे गांव के महेंद्र ठाकुर की बेटी सोनी (16), बबलू ठाकुर की बेटी शिवानी (15) और श्रीपाल ठाकुर की बेटी गौरी (16) उफने तालाब को देखने चली गईं। तीनों किनारे पर ही खड़ी थीं।
किनारे पर कम पानी था लिहाजा वहां नहाने उतर गईं। सोनी ने जैसे ही तालाब में पैर रखा वह तेज बहाव में बहने लगी। सोनी को बचाने के लिए शिवानी भी तालाब में चली गई। पानी के बहाव में वह भी खुद को नहीं रोक पाई और बह गई। दोनों सहेलियों को बचाने के लिए गौरी भी आगे बढ़ी और वह भी बह गई। कुछ दूरी पर खड़े लोग जब तक दौड़े तीनों ही सहेलियां तालाब में डूब गईं थीं।