अंकल बचा लो! ताऊ मुझे बेच देगा। यह दर्द है उस दस वर्षीय बच्ची का जिसका सौदा एक लाख रुपये के लालच में ताऊ ने चालीस वर्षीय व्यक्ति से शादी के नाम पर कर दिया।
बच्ची की गोद भराई की रस्म भी कर दी गई। मामला उत्तरप्रदेश के खैर इलाके का है।
सहमी बच्ची पड़ोस के कुछ लोगों के साथ एसडीएम के पास पहुंची तो एसडीएम ने पुलिस को शादी रोकने तथा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिये हैं।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी दस वर्षीय बालिका के पिता की मौत हो चुकी है।
देवर के गलत निगाहों से परेशान होकर मां अपनी बेटी और बेटे को गांव में छोड़कर देवर के साथ चली गई। तभी से बच्ची अपने सात वर्षीय भाई के साथ गांव में ताऊ के घर रह रही है।
आरोप है कि ताऊ शराब तथा अन्य नशे का आदी है। पिछले दिनों ताऊ ने बालिका की शादी चालीस वर्षीय व्यक्ति के साथ एक लाख रुपये में तय कर दी।
यही नहीं 15 अप्रैल को बच्ची की गोद भराई की रस्म भी पूरी कर दी। शादी की बात पता चलने पर बच्ची सहम गई।
मौका पाकर वह पड़ोसी के घर पहुंच गई तथा उन्हें शादी की बात बताई। जिस पर कुछ और लोग भी इकट्ठा हुए तथा तहसील पहुंचकर एसडीएम विजय कुमार से शिकायत की।
एसडीएम ने पुलिस को नाबालिग लड़की की शादी सख्ती से रोकने तथा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिये हैं।
आदेश को लेकर ग्रामीण बालिका सहित कोतवाली पहुंच गए। प्रशिक्षु आईपीएस प्रदीप कुमार ने चौकी इंचार्ज को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिये हैं।