तीन दरिंदों ने पहले अकेली किशोरी से छेड़छाड़ की और बुरी नीयत से उसको मोबाइल देने की कोशिश की।
किशोरी ने विरोध किया तो उस पर सरेराह केरोसिन डालकर जिंदा जला दिया।
सनसनीखेज घटना में गंभीर रूप से झुलसी किशोरी को जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। आरोप है कि युवक कई दिन से किशोरी के साथ छेड़छाड़ कर रहे थे।
किशोरी के पिता की तहरीर पर तीन युवकों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया है। सभी आरोपी फरार हैं।
समाज को कलंकित करने वाली यह वारदात कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को देर रात हुई।
मृतका के पिता ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि मुहल्ले के ही कुछ लड़के कई दिनों से उनकी 16 वर्षीय पुत्री से छेड़खानी कर रहे थे।
सोमवार की देर रात उनकी बेटी मुहल्ले में ही रह रही अपनी बुआ के घर से लौट रही थी। रास्ते में मुहल्ले के मुन्ना, अदनान और अमर ने उसे रोककर छेड़खानी की और उसे मोबाइल फोन देने लगे।
बेटी ने इसका विरोध किया तो गुस्साए मुन्ना ने दोनों साथियों के साथ मिलकर सड़क पर ही उसके ऊपर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा दी और भाग खड़े हुए।
किशोरी की चीख-पुकार सुनकर उसका भाई और बुआ समेत मुहल्ले के अन्य लोग आ गए।
किसी तरह आग बुझाकर किशोरी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया। सिटी मजिस्ट्रेट संतोष शर्मा ने किशोरी के कलमबंद बयान लिए।
मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे किशोरी ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिवारवालों को सौंप दिया गया है। एसपी एन कोंलाची ने बताया कि तीन टीमें बनाकर कोतवाली पुलिस को 24 घंटे में आरोपियों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया गया है।