नोएडा के चर्चित आरुषि-हेमराज हत्याकांड में उम्रकैद की सजा काट रहे डा. राजेश और नुपूर तलवार ने सीबीआई कोर्ट के फैसले को इलाहाबाद हाईकोर्ट में चुनौती दी है।
उनकी ओर से अपील दाखिल की गई है, जिस पर बृहस्पतिवार को सुनवाई हो सकती है। सीबीआई कोर्ट ने 26 नवंबर 2013 को तलवार दंपति को आरुषि और हेमराज की हत्या का दोषी ठहराते हुए उम्रकैद सहित जुर्माने की सजा सुनाई थी।
तलवार दंपति द्वारा दाखिल अपील में कहा गया है कि सीबीआई कोर्ट ने मुकदमे के परीक्षण के दौरान परिस्थितिजन्य साक्ष्यों का सही तरीके से विश्लेषण नहीं किया। अभियुक्तों के खिलाफ कोई चश्मदीद गवाह नहीं है। सीबीआई ने कोई स्वतंत्र गवाह भी पेश नहीं किए हैं। सीबीआई अदालत का फैसला अनुचित है।
अपील में राजेश और नूपुर तलवार को निर्दोष बताते हुए दोषमुक्त करने की मांग की गई है। उल्लेखनीय है कि 15/16 मई की रात नोएडा के दंत चिकित्सक डा. राजेश तलवार की 14 वर्षीय बेटी आरुषि और घरेलू नौकर हेमराज की हत्या कर दी गई थी।
पढ़ें, सुनंदा की मौत के मामले में हुए कुछ नए खुलासे
पुलिस ने अपनी शुरूआती छानबीन में ही तलवार दंपति पर संदेह जताया था, मगर बाद में जांच सीबीआई को सौंप दी गई। सीबीआई ने भी मजबूत साक्ष्य नहीं होने की बात कहते हुए क्लोजर रिपोर्ट लगा दी। सीबीआई अदालत ने क्लोजर रिपोर्ट को खारिज करते हुए तलवार दंपति पर मुकदमा चलाने का निर्देश दिया था।