सुल्तानपुर। लोक आस्था और भगवान सूर्य की उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। शहर के सीताकुंड घाट पर सैकड़ों व्रती महिलाओं ने आदि गंगा गोमती में खड़े होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि व संतान की दीर्घायु की कामना की। घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, छठी मैया के गीतों और पूजा-अर्चना से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
घाटों पर सोमवार भोर में व्रती महिलाओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण किया। इसके बाद प्रसाद वितरण और व्रती महिलाओं से आशीर्वाद लेने का सिलसिला चलता रहा। कई सामाजिक संगठनों ने घाट पर शिविर लगाकर श्रद्धालुओं की सेवा की।जिला स्वर्णकार कल्याण समिति की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में सामाजिक विभूतियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
समिति के अध्यक्ष राजकुमार सोनी ने बताया कि छठ पर्व की तैयारियां एक सप्ताह पहले से चल रही थीं। जिला और पुलिस प्रशासन का भरपूर सहयोग मिला। इस मौके पर ओमप्रकाश पांडेय बजरंगी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल, अधिशासी अधिकारी लालचंद्र सरोज, अनिल द्विवेदी, दिनेश चौरसिया, रुद्र प्रताप सिंह सहित अन्य लोगों को सम्मानित किया गया।
सेल्फी लेने की लगी रही होड़
छठ पूजा के दौरान सीताकुंड घाट पर सेल्फी लेने का उत्साह भी देखने को मिला। व्रती महिलाओं के साथ नवविवाहित जोड़ों ने भी पर्व के यादगार पलों को कैमरे में कैद किया। युवाओं और किशोरियों में फोटोग्राफी को लेकर खासा उत्साह रहा। रविवार देर रात तक घाट पर आतिशबाजी होती रही।
तालाबों पर श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
कादीपुर। छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए रानीतारा सरोवर, रानीपुर कायस्थ और कस्बे के गुड़िया तालाब पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। व्रती महिलाएं पूजन सामग्री, फल, ठेकुआ और सूप में सजाए प्रसाद के साथ सूर्योदय से पहले घाटों पर पहुंचीं। जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि व संतान की दीर्घायु की कामना की। घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे। सुरक्षा के लिए एसडीएम विनीत कुमार, सीओ विनय गौतम और प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ तैनात रहे। संवाद
मकरीकुंड व पक्के सगरा पर भी हुआ पूजन
सूरापुर/दोस्तपुर। विजेथुआ धाम स्थित मकरीकुंड सरोवर घाट पर सोमवार भोर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सोलह शृंगार कर महिलाएं गाजे-बाजे के साथ पहुंचीं और उगते सूर्य को अर्घ्य देकर संतान व परिवार के कल्याण की कामना की। पूजा के बाद शरबत पीकर व्रत खोला और ठेकुआ का प्रसाद वितरित किया। वहीं दोस्तपुर में शाही पुल के पास पक्के सगरा पर भी बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष पहुंचे। जल में उतरकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। सुरक्षा के लिए सीओ विनय गौतम, अंबेडकरनगर के सीओ और दोनों थानों की पुलिस तैनात रही। संवाद