हादसों में महिला, युवक और मासूम ने तोड़ा दम
संवाद न्यूज एजेंसी
अमहट/अलीगंज (सुल्तानपुर)। लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर कुड़वार के गजाधर का पुरवा गांव के पास मंगलवार भोर अज्ञात वाहन से टकराकर बाइक सवार खंड प्रेरक, उनकी पत्नी और पांच साल का पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में बच्चे ने दम तोड़ दिया।
कुड़वार के सुरजीपुर मजरे चांदपुर गांव निवासी राजकुमार (50) पंचायत राज विभाग के बल्दीराय ब्लॉक में खंड प्रेरक हैं। राजकुमार, पत्नी निर्मला देवी (45) व छोटे पुत्र अयांश (5) के साथ बाइक से अमेठी के मुसाफिरखाना से निमंत्रण में शामिल होकर मंगलवार भोर पांच बजे घर आ रहे थे। गजाधर का पुरवा गांव के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां अयांश की मौत हो गई। निर्मला को ट्राॅमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
बाइकों की भिड़ंत में पत्नी की गई जान
चांदा (सुल्तानपुर)। घमहा गांव निवासी मंगल यादव (30) के आठ माह के इकलौते पुत्र अभिनव की सोमवार दोपहर बाद अचानक तबीयत खराब हो गई। मंगल अपनी पत्नी किरन (27) के साथ बेटे अभिनव को बाइक से लेकर चांदा कस्बे गए थे। वहां से तीनों घर लौट रहे थे। बाइक मंगल चला रहे थे। उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। मधुपुरी गांव के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक मंगल की बाइक से भिड़ गई। दुर्घटना में किरन गंभीर रूप से घायल हो गई। पति मंगल व पुत्र अभिनव बाल-बाल बच गए। दूसरी बाइक पर सवार युवक घटनास्थल से भाग निकला। घायल किरन को सीएचसी पीपी कमैचा से मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने किरन को मृत घोषित कर दिया। (संवाद)
दो बाइक टकराई, युवक की गई जान
धनपतगंज (सुल्तानपुर)। गोसाईगंज के टिहड़ा गांव निवासी शिवपूजन (22) मंगलवार दोपहर दो बजे घर से बाइक से अकेले कूरेभार मार्ग से मिल्कीपुर की तरफ जा रहे थे। उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। कोरौं चौराहा के पास सामने से जा रही दूसरी बाइक से वह टकरा गए। दुर्घटना में शिवपूजन गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी बाइक पर सवार मयंक उर्फ हिमांशु श्रीवास्तव (22) निवासी किनौली मिल्कीपुर इनायतनगर अयोध्या और उनके पीछे बैठी तनु कनौजिया (20) निवासी कटावां महमूदपुर, गोसाईगंज घायल हो गईं। तीनों को सीएचसी धनपतगंज पहुंचाया गया। जहां शिवपूजन व मयंक को मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सक ने शिवपूजन को मृत घोषित कर दिया। मयंक को ट्राॅमा सेंटर लखनऊ व तनु को सीएचसी धनपतगंज से प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया। मयंक ने भी हेलमेट नहीं पहना था। (संवाद)
घायल की हुई मौत
गोसाईगंज। इटकौली गांव के पास शनिवार देर शाम वाहन से टकराकर इटकौली निवासी मुर्तजा हैदर अली (50) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। ट्राॅमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया था। इलाज के दौरान मुर्तजा हैदर अली ने मंगलवार भोर दम तोड़ दिया। (संवाद)