सुल्तानपुर। आसमान में बादल तो आए..लेकिन बरसे नहीं। बादलों और सूरज की आंख मिचौली में उमस ने लोगों को खूब परेशान किया। बची कसर तेज धूप ने पूरा कर दिया। दिनभर लोग पसीने से तर-बतर रहे।
बारिश की आस में किसान आसमान निहारते रहे, लेकिन आसमान से राहत की एक बूंद नहीं गिरी। शुक्रवार को मौसम विभाग ने हल्की बारिश की संभावना जरूर जताई है, लेकिन कोई राहत फिलहाल नहीं मिलने वाली है।
बृहस्पतिवार को दिन की शुरुआत बदली से हुई। इसके बाद बादलों ने आसमान में डेरा जमा लिया। लगा कि बारिश होने वाली है, लेकिन 10 बजे तेज ने लोगों को परेशान कर दिया। उमस से लोग पसीने से तरबतर रहे।
धान की रोपाई में हो रही देरी
किसान राम अछैवर वर्मा ने बताया कि मौसम इस बार हर घंटे अलग-अलग रंग दिखा रहा है। धान की नर्सरी तैयार है, लेकिन बारिश नहीं होने से धान की रोपाई में देरी हो रही है। राम सुभावन ने बताया कि बिजली न रहने से खेती-किसानी प्रभावित हो रही है। दिन भर बिजली की आवाजाही से खेत में पानी ही नहीं पहुंच पाता, ऐसे में निजी ट्यूबवेल ही सहारा हैं, लेकिन उसमें खर्चे ज्यादा हैं।
मौसम परिवर्तन से बढ़ रही बीमारी, लोग परेशान
उमस व गर्मी के चलते मेडिकल कॉलेज में दस्त, उल्टी, बुखार और डिहाइड्रेशन के मामले बढ़े हैं। बच्चों, बुजुर्गों और पुरानी बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष रूप से गर्मी से बचने की सलाह दी जा रही है। गर्मी में पसीने के कारण त्वचा संबंधी समस्याएं भी बढ़ी हैं। एलर्जी और फंगल संक्रमण ने परेशानी और बढ़ा दी है। मेडिकल कॉलेज के फिजीशियन डॉ.पवन सिंह ने बताया कि इस मौसम में खूब पानी पीना चाहिए और साफ-सफाई का ध्यान रखना चाहिए। बच्चों, बुजुर्गों और पुरानी बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।