दोस्तपुर नगर पंचायत स्थित पानी की टंकी।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। अघोषित बिजली कटौती से दोस्तपुर नगर पंचायत की करीब 11 हजार की आबादी के सामने पेयजल का संकट खड़ा हो गया है। बिजली के अभाव में दो टंकियों में पानी नहीं भर पा रहा है। ऐसे में लोगों को पीने के पानी के लिए हैंडपंप का सहारा लेना पड़ रहा है।
दोस्तपुर नगर पंचायत की आबादी करीब 20 हजार है। इसके 11 वार्डों में जलापूर्ति के लिए दो ओवरहेड टैंक (टंकी) की स्थापना की गई है। दोनों टंकियों में पांच दिन से पूरी तरह से पानी नहीं भर पा रहा है। इस वजह से वार्डों में जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। नगर पंचायत परिसर के पास स्थित ओवरहेड टैंक से बभनैया पूरब, तमसापुर, बभनैया पश्चिम, फिरोजपुर खुर्द, कजियाना व बढ़ौली गांव के पास स्थित टंकी से साईं तकिया, देवापुर, बहबल टोला पूर्वी, बहबल टोला पश्चिमी, कजियाना उत्तरी व अन्य क्षेत्रों में जलापूर्ति की जाती है। बिजली के अभाव में नलकूप नहीं चल रहे हैं। इससे टंकियों में पानी नहीं भरने से नगर पंचायत के कई मोहल्लों में जलापूर्ति नहीं हो पा रही है।
करीब 10 हजार की आबादी के समक्ष पेयजल का संकट खड़ा हो गया है। लोगों को पेयजल के लिए हैंडपंपों की दौड़ लगानी पड़ रही है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी वीरेंद्र प्रताप ने बताया कि विद्युत कटौती से ओवरहेड टैंकों में पानी भरवाने में समस्या आ रही है। इस संबंध में पावर कॉर्पोरेशन को पत्र भी लिखा गया है। पावर कॉर्पोरेशन के जेई रवि शंकर मौर्य ने बताया कि डिमांड के सापेक्ष विद्युत आपूर्ति कम मिली रही है। इस वजह से सप्लाई में समस्या आ रही है।