सुल्तानपुर। प्रदेश सरकार की ओर से राज्य पेयजल व स्वच्छता मिशन के तहत संचालित हर घर जल योजना की जिले में शुरुआत हो गई है। सोमवार को बल्दीराय ब्लॉक से मुख्य अतिथि जिला विकास अधिकारी ने इस योजना की शुरुआत की और लोगों को इसके बारे में बताया।
जिला विकास अधिकारी डॉ. डीआर विश्वकर्मा ने बताया कि ब्लॉक के प्रत्येक पंचायत में 11 गतिविधियां होंगी। इनमें एक पंचायत से पांच हैंडपंपों से पानी की जांच भी कराई जाएगी। जागरूकता के लिए नुक्कड़ नाटक व बैठकें होंगी। राज्य सरकार की इस योजना का उद्देश्य लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के साथ जागरूक करना है। जल निगम के अधिशासी अभियंता बीपी सिंह ने बताया कि राज्य पेयजल व स्वच्छता मिशन, नमामि गंगे व ग्रामीण जलापूर्ति विभाग से संचालित जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल योजना शुरू की गई है। पूरे जिले में इसका आयोजन किया जा रहा है।