8. सुल्तानपुर संसदीय क्षेत्र का भ्रमण करतीं सांसद मेनका गांधी।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। विकास भवन में बुधवार को आयोजित दिशा कमेटी की बैठक में अध्यक्षता करते हुए सांसद ने 36 करोड़ की लागत से पांच वर्ष पहले शास्त्रीनगर में बनी पानी की टंकी संचालित नहीं होने पर नाराजगी जताई। इसके साथ ही बस स्टेशन को अमहट स्थित वर्कशॉप से संचालित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने पानी की टंकी के प्रकरण में जलनिगम के अधिशाषी अभियंता के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया। प्राथमिक विद्यालयों में गुणवत्ताविहीन फर्नीचरों की आपूर्ति का मामला सामने आने पर सांसद मेनका गांधी ने बरेली के ठेकेदार का टेंडर निरस्त करने और ठेकेदार से बदले में गुणवत्तायुक्त फर्नीचर लेने का निर्देश दिया। बंद चल रहे सामुदायिक शौचालयों का जायजा लेकर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण करने व गांव में सफाई कर्मियों के काम नहीं करने के मामले में ब्लॉक प्रमुखों से सूची बनाने को कहा।
बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में 160 गांवों में मेहंदी की खेती की जा रही है। चार लाख 39 हजार को किसान सम्मान निधि व 6,173 इज्जत घर बनाए जाने की जानकारी दी गई। सांसद ने सबसे कम विवाद वाले गांवों के लेखपालों व गांवों में जलाशयों का निर्माण कराकर सफाई करने वाले प्रधानों को पुरस्कृत करने का एलान किया। मनरेगा में धांधली के सवाल पर सांसद ने बताया कि इसकी सूची मांगी गई है। बैठक में उन्होंने केंद्र से संचालित समेत 41 योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की। सीडीओ अतुल वत्स ने सांसद का स्वागत करते हुए कार्यों को समय से पूरा कराने का आश्वासन दिया। सांसद ने सीडीओ के साथ शहर में निर्माणाधीन अत्याधुनिक पशु अस्पताल का जायजा लिया। बैठक में विभागीय अधिकारी, सांसद प्रतिनिधि रणजीत कुमार, कई ब्लॉक प्रमुख समेत अन्य मौजूद रहे। मीडिया प्रभारी विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि शाम को सांसद सड़क मार्ग से दिल्ली वापस हो गईं।