सुल्तानपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा सांसद मेनका गांधी ने कहा कि वे शहर को हरा-भरा व स्मार्ट बनाना चाहती हैं, ताकि शहर के लोगों को खुशी की अनुभूति हो। क्लीन व ग्रीन सुल्तानपुर बनाने का प्रयास चल रहा है। साथ ही लोगों से भी इसमें जुड़कर जिम्मेदारी निभाने की अपेक्षा की है।
संसदीय क्षेत्र में दौरे के तीसरे दिन सांसद ने जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायत में आयोजित चौपालों में हिस्सा लेते हुए कहा कि वे अपने संसदीय क्षेत्र के लोगों को खुश देखना चाहती हैं। लोग आपस की लड़ाई बंद करके एक-दूसरे के साथ खुश रहें। उन्होंने लोगों से छोटे व बड़े कार्यों में साथ निभाने का वादा किया।
चौपाल के दौरान खालिसपुर डींगुर में जलजीवन मिशन की निर्मित पानी की टंकी का शुभारंभ करते हुए अमृत सरोवर का जायजा लिया। सुल्तानपुर परिवहन विभाग के बेड़े से दो बसें मेरठ डिपो को चली जाने पर नाराजगी जताई। कहा कि जल्द ही डिपो को 30 नई बसें मिलेंगी। उन्होंने कहा कि मानव के साथ पशु-पक्षियों के जीवन से क्रूरता उन्हें बर्दाश्त नहीं है। इसके पहले सांसद ने शहर में सड़क की पटरियों पर दुकान लगाने वाले ठेला व पटरी दुकानदारों को शिफ्ट करने के लिए बनाए जा रहे वेंडिंग जोन का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान वेंडिंग जोन में ठेले व पटरी दुकानदारों को आवंटन देने का निर्देश दिया। इसके बाद सांसद ने शहर में बनाए जा रहे फोरलेन के डिवाइडर पर अशोक व गुलमोहर का पौधा रोपा। कहा कि डिवाइडर पर पौधारोपण से लोगों को छाया भी मिलेगी। साथ ही शहर सुंदर भी दिखेगा। दौरे के दौरान पूर्व विधायक अर्जुन सिंह, रणजीत कुमार, शशीकांत पांडेय, विजय सिंह रघुवंशी, अरुण द्विवेेदी, संदीप सिंह, सभाजीत पांडेय समेत अन्य मौजूद रहे।
पशुओं से भरी पिकअप को किया पुलिस के सुपुर्द
दौरे के दौरान सांसद को मोतीगंज बाजार के निकट एक पिकअप वाहन पर सात भैंस के बच्चे ठूंसकर ले जाए जाते दिखे। पशु प्रेमी मेनका गांधी इसे देखकर रुक गईं। उन्होंने वाहन को रोकवाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। गोसाईगंज पुलिस ने पशुओं को ले जाने वाले तीन लोगों के खिलाफ पशुक्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।