सुल्तानपुर। विधानपरिषद चुनाव में मतदान के लिए वोटरों को बैंगनी रंग का स्केच पेन दिया जाएगा। मतदान केंद्र के भीतर कोई भी वोटर मोबाइल व अन्य पेन नहीं ले जा सकेगा। इसकी निगरानी करने की जिम्मेदारी मजिस्ट्रेेट समेत मतदान कार्मिकों की होगी। विकास भवन में आयोजित प्रशिक्षण के दौरान यह जानकारी दी गई।
नौ अप्रैल को सुल्तानपुर-अमेठी विधानपरिषद क्षेत्र के होने वाले मतदान की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मतदान के लिए नियुक्त मतदान कार्मिकों, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट व माइक्रो ऑब्जर्वर को बुुधवार को विकास भवन के सभागार में प्रशिक्षित किया गया। दो पालियों मेें आयोजित प्रशिक्षण में जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने मतदान कार्मिकों समेत अन्य को निष्पक्ष मतदान कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने बताया कि सुभिन्नक चिह्न का मुहर मतपत्र पर लगाने के बाद पीठासीन का हस्ताक्षर अनिवार्य रूप से होना चाहिए। आयोग की गाइड लाइन का ध्यान रखने का निर्देश दिया। मुख्य विकास अधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि मतदान केंद्र के भीतर कोई भी मोबाइल व अन्य पेन लेकर नहीं जा सकेगा। एजेंट भी कागज व पेन लेकर नहीं रह सकता है। इसकी जिम्मेदारी अधिकारियों की होगी।
इस बार एमएलसी के चुनाव की निर्वाचक नामावली की रंगीन कॉपी उपलब्ध कराई जा रही है। इस पर मतदाताओं की फोटो भी होगी। मतदान के संबंध में अपर जिलाधिकारी प्रशासन बी. प्रसाद समेत अन्य ने जानकारियां दीं। दोनों पालियों में 17 स्टेटिक, छह जोनल मजिस्ट्रेट, 17 मतदान पार्टी व 17 माइक्रो ऑब्जर्वरों को प्रशिक्षित किया गया। इस मौके पर संबंधित मौजूद रहे।