दो दिनों से लगातार बैंकों में भुगतान न मिलने से नाराज खाताधारक बुधवार को सड़क पर उतर आए। बैंक की अव्यवस्था से परेशान खाताधारकों ने लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। करीब आधे घंटे तक चले जाम से लोगों को आवागमन में दुश्वारियों का सामना करना पड़ा।
लंभुआ कस्बे में स्थित बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा के खाताधारक नोटबंदी के बाद संकट से जूझ रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक की शाखाओं को करेंसी चेस्ट नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में खाताधारकों को भुगतान करने में बैंक अधिकारियों ने अपने हाथ खड़े कर दिए हैं। कस्बे में मौजूद बैंक की शाखा का शटर और मुख्य गेट मंगलवार को दोपहर बाद बंद कर दिया गया था।
बुधवार को भी कर्मचारियों और अधिकारियो ने शाखा के भीतर पहुंच कर शटर और गेट बंद कर लिया। शाखा के बाहर खड़े खाताधारकों को बैंक अधिकारियों ने किसी तरह की जानकारी देने से भी मना कर दिया। काफी देर इंतजार के बाद भी बैंक का गेट नहीं खुला तो खाताधारकों के सब्र का बांध टूट गया। दोपहर करीब 12 बजे काफी संख्या में मौजूद बैंक के खाताधारक नारेबाजी करते हुए लखनऊ -वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर इकट्ठा हो गए।
प्रदर्शन के दौरान हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। खाताधारकों के प्रदर्शन व सड़क जाम की सूचना पुलिस कर्मियों ने कोतवाल चंद्रशेखर सिंह को दी। पुलिसकर्मियों के आवाज लगाने के बाद गेट का ताला खुला। कोतवाल ने बैंक अधिकारी विजय कुमार उपाध्याय से बैंक खोले रखने को कहा।