भदैंया (सुल्तानपुर)। केशापट्टी गांव के लोग बिजली कटौती से आजिज आकर शुक्रवार को अधिशासी अभियंता कार्यालय रामगंज पहुंच गए। वहां मौजूद कर्मियों से नाराजगी जताई। जिसके बाद कर्मचारी उपकेंद्र छोड़कर चले गए। अधिशासी अभियंता ने जल्द बिजली व्यवस्था सुधारने का भरोसा दिलाया। जिसके बार ग्रामीण लौटे।
पिछले एक हफ्ते से केशापट्टी गांव की बिजली खराब चल रही है। हर घंटे पर फॉल्ट के नाम पर बिजली कटौती की जा रही है। जिससे लोग आजिज आ गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि आए दिन ट्रांसफार्मर खराब होने व जर्जर तार से बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। गांव के सारे खंभों के ढीले तार बदलने को केवल आश्वासन मिलता है। पुरवा करखा में सात दिन से बिजली नहीं आ रही है। ग्रामीणाें ने खराब तार व ट्रांसफार्मर को बदले जाने की मांग की।
इस मौके पर सरोज, राबिन सिंह, रामलाल, रामसेवक, हरेश सरोज, सुधीर सरोज, चतुरी, विमलेश आदि मौजूद रहे। मुख्य अभियंता रामगंज जेपी वर्मा ने बताया कि जल्द ही वहां की व्यवस्था ठीक कराई जाएगी।