अलीगंज के मझना गांव में फिशिंग कैट।
अलीगंज (सुल्तानपुर)। ग्राम पंचायत मझना के बईसी का पुरवा गांव में बृहस्पतिवार की शाम चार बजे एक बंद पड़े हाते में चीता घुसने की सूचना मिली। रात 8:30 बजे तक गांव के लोग घेराबंदी कर खड़े रहे। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने जांच-पड़ताल किया तो पता चला कि फिशिंग कैट है।
गांव के अहम यादव ने बताया कि शाम 4:00 बजे काफी दिनों से बंद पड़े हाते में किसी जानवर की आवाज सुनाई दी तो इसकी सूचना प्रधान अभय सिंह को दिया। प्रधान ने वन विभाग को पूरे मामले से अवगत कराया। साथ ही गांव के लोग इकट्ठा होकर उस जानवर अनुमान लगाते रहे।
किसी ने सियार तो किसी ने चीता बताया। रात करीब 8:30 बजे वन दरोगा डीपी पांडेय पूरी टीम के साथ गांव पहुंचे। दरवाजा तोड़कर उसे निकाला गया तो परीक्षण में फिशिंग कैट की पुष्टि हुई। ग्रामीणों की मौजूदगी में फिशिंग कैट को जंगल में छोड़ दिया गया।
इस मौके पर बीट इंचार्ज विजय बहादुर सिंह, वन सिपाही सौरभ यादव, रामेंद्र मिश्र, रामकृष्ण शुक्ल, बब्बन मिश्र समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।