कादीपुर (सुल्तानपुर)। ‘मेरा गांव, स्वच्छ गांव’ अभियान व कोविड-19 टीकाकरण के अभिमुखीकरण के संबंध में आयोजित कार्यशाला में ग्राम प्रधानों को टीकाकरण व सफाई के लिए प्रेरित किया गया। संत तुलसीदास पीजी कॉलेज में बृहस्पतिवार को आयोजित कार्यशाला में विधायक राजेश गौतम ने कहा कि सरकार की मंशा शत-प्रतिशत टीकाकरण की है। प्रधानों के सहयोग के बिना यह संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि ग्राम पंचायतों में स्वच्छता, शौचालय, प्रधानमंत्री आवास, जन धन योजना समेत विभिन्न विकास संबंधित योजनाओं में समस्या आने पर प्रधान सीधे संबंधित अधिकारियों से संवाद स्थापित करें। मुख्य विकास अधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों की जिले में यह पहली कार्यशाला है।
इसका उद्देश्य ग्राम पंचायतों में स्वच्छता और वैक्सीनेशन के प्रति प्रधानों को प्रेरित करना है। ग्राम प्रधान अपनी पंचायतों में लोगों को जागरूक करें। पंचायतराज की योजनाओं के विषय में पूरी जानकारी प्रधानों को दी जाए।
जिला पंचायतराज अधिकारी आरके भारती ने कहा कि गांव के विकास की जिम्मेदारी ग्राम प्रधान की है। कार्यशाला के माध्यम से प्रधानों को सारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने प्रधानों का आह्वान करते हुए कहा कि ज्यादातर ग्राम पंचायतें ऐसी हैं जहां अभी तक 100 लोगों का भी टीकाकरण नहीं हो पाया है।
प्रधान गांव में लोगों को टीका लगवाने के लिए प्रेरित करें और भ्रांतियों को दूर करें। कार्यशाला में 63 ग्राम पंचायतों के प्रधान मौजूद रहे। इसके पहले खंड विकास अधिकारी आलोक कुमार सिंह ने अतिथियों व नवनिर्वाचित प्रधानों का स्वागत करते हुए कार्यशाला के आयोजन पर चर्चा की।