सुल्तानपुर। गोरखपुर से लखनऊ को जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस बाराबंकी स्टेशन पर हो रहे नॉन इंटरलॉकिंग के कार्य को लेकर मंगलवार को डायवर्ट कर दी गई थी। अयोध्या से चलकर सुबह यह ट्रेन सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन पहुंची। यहां से ट्रेन को लखनऊ के लिए रवाना किया गया।
बाराबंकी रेलवे स्टेशन पर नॉन इंटरलॉकिंग के कार्य को लेकर उस रूट की कई ट्रेनों का रूट डायवर्जन किया गया है। मंगलवार को इसी कड़ी में गोरखपुर से चलकर लखनऊ को जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस अयोध्या कैंट से सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन पहुंची। पहली बार सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को देखने को लेकर लोगों की भीड़ लगी रही। यहां गति व अन्य सेक्शनों का निरीक्षण करने के साथ ही ट्रेन को लखनऊ के लिए रवाना किया गया।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि बाराबंकी में होने वाले रेलपथ दोहरीकरण कार्य को लेकर वंदे भारत एक्सप्रेस का सात दिन रूट डायवर्जन किया गया है। गोरखपुर-अयोध्या-लखनऊ जाने वाली वंदे भारत ट्रेन मंगलवार के अलावा 21 दिसंबर, पांच, छह, 13 व 15 जनवरी को सुल्तानपुर होकर लखनऊ जाएगी।
वाराणसी से सुल्तानपुर होकर अयोध्या गए रेलवे जीएम
सुल्तानपुर। उत्तर रेलवे के जीएम शोभुन चौैधरी मंगलवार दोपहर स्पेशल ट्रेन से वाराणसी से रेलपथ का निरीक्षण करते हुए सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। प्लेटफार्म नंबर एक पर स्पेशल ट्रेन करीब दो मिनट तक रोकी गई। यहां पर गार्ड व चालक की ड्यूटी बदली गई। इसके बाद ट्रेन को अयोध्या के लिए रवाना किया गया। जीएम के आगमन को लेकर स्टेशन परिसर साफ-सुथरा किया गया था। जीएम के जाने के बाद स्टेशन अधीक्षक समेत अन्य अधिकारियों ने राहत की सांस ली। (संवाद)