घर के लिए निकलीं शुभांगी व महिमा सिंह।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। मुश्किल भरे हालात में यूक्रेन से निकलकर सेफ जोन में पहुंचे आशीष, महिमा और शुभांगी शनिवार को स्वदेश आ गए। महिमा और शुभांगी वायुसेना के विमान से सुबह दिल्ली पहुंचे जबकि आशीष ने इंडिगो के विमान से यात्रा की। तीनों छात्राओं ने अलग-अलग समय पर यूपी भवन में रुककर नाश्ता किया। वहीं से तीनों छात्र-छात्राएं सरकार की ओर से उपलब्ध कराई गई टैक्सियों से अपने घरों को रवाना हुए। तीनों के देर रात तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के सब्जी मंडी निवासी व्यवसायी गंगा सिंह की बेटी महिमा सिंह, निराला नगर निवासी डॉ. प्रवीन कुमार सिंह की पुत्री शुभांगी सिंह चार दिन पहले स्लोवाकिया में बनाए गए सेफ जोन में पहुंची थीं। दोनों छात्राएं शुक्रवार की शाम चार बजे स्लोवाकिया से वायुसेना के विमान से दिल्ली के लिए रवाना हुई थीं। शनिवार की सुबह वायुसेना के विमान से दोनों छात्राएं दिल्ली पहुंचीं। एयरपोर्ट से उन्हें यूपी भवन ले जाया गया। यूपी भवन में सभी छात्र-छात्राओं ने नाश्ता किया। इसके बाद दोनों छात्राओं को सरकार की ओर से उपलब्ध कराई गई टैक्सी से घर के लिए रवाना कर दिया गया। शुभांगी के पिता डॉ. प्रवीन कुमार सिंह ने बताया कि बेटी दिल्ली से दोपहर करीब दो बजे टैक्सी से घर के लिए निकली हैं। टैक्सी पर अन्य बच्चे भी हैं। एक-एक करके सभी बच्चों को घर पहुंचाया जा रहा है।
सुल्तानपुर पहुंचने में आठ से 10 घंटे लगेंगे। उम्मीद है कि देर रात तक बेटी घर पहुंच जाएगी। वहीं, महिमा के पिता गंगा सिंह ने भी बताया कि बेटी सुरक्षित है और घर आ रही है। लंभुआ के सूर्यभान पट्टी गांव निवासी शिक्षक रामयश यादव का पुत्र आशीष कुमार यादव जंग के बीच खारकीव से निकलकर पोलैंड के समीप सेफ जोन में पहुंच गया था। आशीष यादव ने फोन पर बताया कि वह इंडिगो के विमान से दिल्ली पहुंचा है। उससे कोई किराया नहीं लिया गया है। टैक्सी से वह घर के लिए निकला है। वह अभी मथुरा के पास पहुंचा है। देर रात तक घर पहुंच जाएगा।