सुल्तानपुर। शहर से सटे अमहट के पास बुधवार दोपहर तेज रफ्तार कार से कुचलकर साइकिल सवार अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, धनपतगंज इलाके में नहर पटरी के गड्ढे में फंसकर बाइक पलटने से युवक की मौत हो गई।
धम्मौर थाना क्षेत्र के शाहपुर सरकंडेडीह निवासी मोहम्मद कासिम (45) बुधवार को साइकिल से अमहट जा रहे थे। तभी अमहट के पास तेज रफ्तार कार उन्हें पीछे से रौंदते हुए सड़क किनारे नाली से टकरा गई। दुर्घटना में घायल कासिम को स्थानीय लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों ने टक्कर मारने वाली कार का नंबर पुलिस को बताया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
धनपतगंज थाना क्षेत्र के भगवानपुर बरौली निवासी रविशंकर पांडेय (32) ट्रक चालक था। मंगलवार को वह अपने घर भगवानपुर आया था। बुधवार सुबह 10 बजे रविशंकर बाइक से अपनी बहन की ससुराल विसांवा जा रहा था। रास्ते में हरौरा बाजार से आगे पतुर्जा गांव के निकट नहर की पटरी पर हुए गड्ढे में तेज रफ्तार बाइक का अगला पहिया फंस गया। इससे बाइक पलटने से रविशंकर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। रविशंकर को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। संवाद