सुल्तानपुर। निजामपट्टी गांव में रंजिश के चलते रविवार दो पक्ष के लोग आमने-सामने हो गए। दोनों पक्षों में जमकर लाठियां चलीं। घटना में छह लोग घायल हो गए। उप निरीक्षक की तहरीर पर कोतवाली नगर में 26 नामजद व 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे निजामपट्टी गांव में दो पक्षों में मारपीट होने लगी। यह पता चलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो रास्ते में बड़ी संख्या में ईंट के टुकड़े पड़े थे। ग्रामीणों ने बताया कि एक पक्ष से गोविंद, संजय, नंदलाल, राहुल, दिलीप, दिनेश, मदन, गोविंद, राजू, जगन्नाथ, बद्रीनाथ, गुड़िया, ज्ञानमती, ममता, लक्ष्मी, वीरेंद्र व दूसरे पक्ष के रवींद्र, नरेंद्र, विक्रम, शिवकुमार, सोनू, छोटू, दिनेश, बजरंगी, शैलेंद्र, दयाराम यादव व 10-15 अज्ञात लोगों ने मारपीट की।
मारपीट में गुड़िया, ज्ञानमती, ममता, लक्ष्मी, गोविंद, संजय सहित अन्य लोगों को चोटें लगी हैं। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट से ग्रामीण दहशत में आ गए। पुलिस ने घायलों का मेडिकल करवाया। कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार राय ने बताया कि 26 नामजद व 15 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
वैवाहिक कार्यक्रम में विवाद, एफआईआर
सुल्तानपुर। बल्दीराय के पूरे अवस्थी डीह गांव में 14 मई को वैवाहिक आयोजन के दौरान शराब के नशे में दो पक्षों में विवाद हो गया था। तीसरे दिन पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। बल्दीराय थाने के उप निरीक्षक राजदेव यादव ने बताया कि सोशल मीडिया पर गत 14 मई की शाम एक वीडियो वायरल हुआ।
वायरल वीडियो में पूरे अवस्थी डीह गांव में वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान मारपीट दिखाई दी। इसकी जांच करने वह रविवार को गांव पहुंचे। गांव में पता चला कि 14 मई की शाम गांव में बरात आई थी। इस दौरान एक पक्ष के मन्नू कुमार, रामसुमिरन व गुड्डा व दूसरे पक्ष के गंगाराम, करमचंद, हरिश्चंद, भीमकुमार, पूजा व रीता ने मारपीट की थी। इससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग दहशत में आ गए थे।