भदैंया। वजूपुर के इस्लामुद्दीन और झौवारा की जगपती देवी को पंचायत सचिवों ने मृत दिखा दिया। जिससे उन्हें पिछले एक वर्ष से वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिल सकी है। दोनों बुजुर्ग अपनी पेंशन बहाल कराने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं।
वजूपुर के इस्लामुद्दीन ने बताया कि पंचायत सचिव ने ऑनलाइन रिकॉर्ड में उन्हें मृत दिखा दिया है। पीड़ित ने आठ जनवरी को जिला समाज कल्याण अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर आपबीती सुनाई। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने मुख्यालय स्तर से जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पीड़ित का कहना है कि पेंशन ही उनकी आजीविका का साधन है।
झौवारा की जगपती देवी को भी एक वर्ष से वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिल रही है। उनके बेटे अयोध्या पांडेय ने आईजीआरएस पर इसकी शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार विकास खंड स्तर से प्राप्त रिपोर्ट पर जगपती देवी की पेंशन एक वर्ष पहले रोक दी गई थी। रिपोर्ट में उन्हें मृत दिखाया गया है। सहायक विकास अधिकारी (समाज कल्याण) काजल सिंह ने कहा कि वे सचिवों से जानकारी कर उचित कार्रवाई करेंगी। संवाद