कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन करते कांग्रेस कार्यकर्ता। संवाद
- फोटो : स्रोत : विभाग
सुल्तानपुर। मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में अनियमितता और फर्जीवाड़ा का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकाला। सड़क पर बैठकर मतदाता सूची से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की।
धरना स्थल पर सिटी मजिस्ट्रेट ज्ञापन लेने पहुंचे तो कांग्रेसियों ने ज्ञापन सौंपने से मना कर दिया और जिलाधिकारी से सीधे मुलाकात की मांग पर अड़ गए। जिलाधिकारी के आने पर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की और मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न होने का आश्वासन दिया। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन के माध्यम से आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल के कार्यकर्ता, जिनमें उनके बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) भी शामिल हैं, बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) पर दबाव बनाकर बड़ी संख्या में फॉर्म-7 जमा करा रहे हैं।
शहर अध्यक्ष शकील अंसारी ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण के नाम पर चुनिंदा समुदायों को डराया और भ्रमित किया जा रहा है। जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष ओपी चौधरी, राहुल त्रिपाठी ने संबोधित किया। इस मौके पर पीसीसी सदस्य हौसला भीम,सलाहुद्दीन हाशमी, रंजीत सिंह सलूजा, हरीश त्रिपाठी, निकलेश सरोज, शरद श्रीवास्तव, नफीस फारूकी, विजय पाल, नंदलाल मौर्य, मनोज तिवारी आदि मौजूद रहे।