2. सुल्तानपुर में शटल एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करतीं सांसद मेनका गांधी।
- फोटो : SULTANPUR
सुलतानपुर। डेढ़ साल बाद बुधवार को जिले के लोगों को सुल्तानपुर से लखनऊ व वाराणसी आने-जाने के लिए वरुणा की जगह शटल सुपर फास्ट एक्सप्रेस मिल गई। बुधवार की सुबह वाराणसी से चलने के बाद शटल एक्सप्रेस सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन पहुंची। स्टेशन पर ट्रेन के स्वागत के लिए सांसद मेनका गांधी व एडीआरएम मौजूद रहे। 07:56 पर पहुंची ट्रेन को सांसद समेत अन्य रेल अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर आगे रवाना किया।
देश में लॉकडाउन लगने के बाद ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया। वाराणसी से वाया सुल्तानपुर-लखनऊ के बीच रोजाना चलने वाली वरुणा एक्सप्रेस का संचालन भी बंद कर दिया गया था। लॉकडाउन में छूट मिलने के बाद एक जून 2020 से श्रमजीवी एक्सप्रेस समेत लंबी दूरी की अन्य ट्रेनों का संचालन रेलवे ने शुरू किया। इसके बावजूद वरुणा एक्सप्रेस नहीं चली। इससे जिले के लोगों को लखनऊ-वाराणसी आवागमन में परेशानी हो रही थी।
करीब डेढ़ वर्ष बाद बुधवार को रेलवे की ओर से वाराणसी से लखनऊ के बीच शटल सुपरफास्ट एक्सप्रेस का संचालन शुरू किया। यह ट्रेन 07:56 बजे सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंची। पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद मेनका गांधी, लखनऊ के एडीआरएम परिचालन अश्विनी श्रीवास्तव, एडीआरएम एडमिन बृजेश यादव व डीसीएम प्रतीक श्रीवास्तव इसके स्वागत के लिए मौजूद रहे। सांसद समेत अन्य रेल अधिकारियों ने शटल एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर आगे रवाना किया। इस मौके पर स्टेशन अधीक्षक बीएस मीना, सीएमआई ज्योति स्वरूप, अजय कुमार श्रीवास्तव, रईस अहमद, पंकज दुबे व रणजीत कुमार आदि मौजूद रहे।