सुल्तानपुर। रेलवे ने मंगलवार से वाराणसी से इंदौर के बीच वाया सुल्तानपुर होकर चलने वाली काशी महाकाल अप एक्सप्रेस का संचालन दूसरी बार शुरू किया है। पहले यह ट्रेन आईआरसीटीसी की ओर से संचालित होती थी। इसका संचालन कोरोना काल में बंद कर दिया गया था।
ट्रेन ओंकारेश्वर, महाकालेश्वर व काशी विश्वनाथ के दर्शन कराएगी। अप ट्रेन का संचालन प्रत्येक मंगलवार के बाद बृहस्पतिवार को वाराणसी से किया जाएगा, जबकि काशी-महाकाल डाउन एक्सप्रेस का संचालन बुधवार को इंदौर रेलवे स्टेशन से किया जाएगा। यह ट्रेन सप्ताह में बुधवार व शुक्रवार को इंदौर रेलवे स्टेशन से संचालित होगी। ट्रेन का संचालन होने से जिलेवासियों को भी सफर की सुविधा मिलेगी। दोनों दिशाओं में इस ट्रेन का ठहराव सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन पर होगा। स्टेशन अधीक्षक बीएस मीना ने बताया कि काशी महाकाल अप व डाउन एक्सप्रेस के संचालन का शेड्यूल मिल गया है। ट्रेन पर यात्रा करने के लिए रिजर्वेशन भी शुरू कर दिया गया है। इसके संचालन से जिलेवासियों को भी सफर करने की सुविधा मिलेगी।