गौरीगंज। जिले से होकर गुजरने वाले बांदा-टांडा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-232 पर स्थानीय तहसील के ऐंधी गांव के पास टोल प्लाजा बनाया जाएगा। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से पत्र भेजकर किए गए अनुरोध के बाद तहसील प्रशासन ने टोल प्लाजा बनाने के लिए भूमि चिह्नित कर किसानों को मुआवजा देने के लिए 1.15 करोड़ रुपये की मांग की है।
केंद्र सरकार की संस्तुति मिलने के बाद करीब एक वर्ष पहले बांदा से टांडा (अंबेडकरनगर) तक राष्ट्रीय राजमार्ग का कार्य शुरू हुआ था। यह कार्य इन दिनों प्रगति पर है। सड़क निर्माण कराने के साथ ही नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया कई स्थानों पर टोल प्लॉजा बनाने की कवायद में जुटा है।
इसी कवायद के तहत नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने बीते दिनों जिला प्रशासन को पत्र भेजकर गौरीगंज तहसील के ऐंधी गांव में टोल प्लाजा बनाने के लिए 0.4696 हेक्टेयर भूमि दिलाने का अनुरोध किया था। विभाग का पत्र मिलने के बाद डीएम जगतराज त्रिपाठी ने एसडीएम वंदिता श्रीवास्तव को ऐंधी गांव में सड़क किनारे भूमि चिह्नित कराने का आदेश दिया था। डीएम का आदेश मिलने के बाद एसडीएम ने हलका लेखपाल की मदद से भूमि चिह्नीकरण का कार्य पूर्ण कर लिया है। जमीन के चिह्नीकरण के बाद तहसील प्रशासन ने विभाग को पत्र भेजकर एक करोड़, 15 लाख, 27 हजार रुपये मांगे हैं, जिससे किसानों को उनकी भूमि का निर्धारित दर पर मुआवजा दिया जा सके।