सुल्तानपुर। हत्या में वांछित चल रहे शातिर अपराधी की मंगलवार रात पुलिस टीम से मुठभेड़ हो गई। बदमाश ने पुलिस टीम पर पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में बाल-बाल बचे पुलिसकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पिस्टल, कारतूस के साथ ही चोरी की बाइक बरामद हुई है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के हनीफ नगर निवासी अशफाक (50) का राइन नगर (शुभम सिनेमा) के पास सैलून है। 15 जनवरी की रात में अशफाक दुकान पर बैठे थे। तभी दो बाइक से पहुंचे पांच लोगों ने दुकान पर बैठे अशफाक को गोली मार दी थी। फायरिंग में दुकान के सामने से गुजर रहे दिलशाद (36) निवासी अन्नू चौराहा को भी गोली लगी थी। फायरिंग में अशफाक की मौत हो गई थी, जबकि दिलशाद को चिकित्सकों ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया था। पुलिस ने मृतक अशफाक के बेटे शमशाद की तहरीर पर आजम, अमन, शेखू, सोनू पुत्रगण शमशाद और शान मोहम्मद निवासी डिहवा कोतवाली नगर और भारत भूषण यादव निवासी तारा सारा थाना रुद्रपुर जिला देवरिया के खिलाफ केस दर्ज किया था।
पुलिस ने मंगलवार सुबह मुठभेड़ में शान मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मौके पर मौजूद भारत भूषण यादव फरार हो गया था। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसओ मोतिगरपुर रतन शर्मा मंगलवार रात पुलिस टीम के साथ काछा भिटौरा के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। तभी एक बाइक सवार को पुलिस ने रोका तो उसने फायर कर दिया। बदमाश की ओर से की गई फायरिंग में पुलिस जीप में गोली लग गई। पुलिस ने खुद को बचाते हुए जवाबी कार्रवाई करते हुए भाग रहे बदमाश का पीछा किया।
इस दौरान बदमाश की बाइक फिसल गई और वह गिर पड़ा। पुलिस ने बदमाश को घेरकर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से पिस्टल, कारतूस के साथ ही चोरी की बाइक बरामद हुई। एसओ मोतिगरपुर रतन शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार किये गए बदमाश की पहचान भारत भूषण यादव के रूप में की गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसपी शिवहरी मीना ने 25 हजार रुपये इनाम घोषित किया था।