सीएचसी में फेंकी गई दवाओं की जांच करने पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम।-संवाद
चांदा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर कमैचा के कूड़ेदान में मिली गर्भ निरोधक दवाओं के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है। 30 जुलाई के अंक में खबर प्रकाशित होने के बाद सीएमओ डॉ. भारत भूषण के निर्देश पर उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पीडी तिवारी और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेसी सरोज ने अस्पताल का दौरा किया। कूड़ेदान में मिली दवाओं के बाबत जांच पड़ताल की।
अधिकारियों ने अस्पताल परिसर, दवा भंडारण कक्ष और संबंधित अभिलेखों की जांच की। कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई। जांच पूरी होने के बाद अधिकारियों ने जांच के बारे में कुछ भी बोलने से इन्कार कर दिया। जांच के निष्कर्षों और दवाओं के कूड़ेदान तक पहुंचने के कारणों पर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
इससे स्थानीय लोगों में मामले को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की है। बुधवार को सीएचसी परिसर के कूड़ेदान में बड़ी मात्रा में सरकारी दवाएं मिली थीं। इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठे हैं। संवाद