ग्रामीणों को समझाते पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी
सेमरीबाजार (सुल्तानपुर)। जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के लिंक रोड पर परसा गांव के पास शुक्रवार सुबह बेकाबू ट्रक की टेंपो से टक्कर हो गई। टेंपो खाई में जा गिरा। हादसे में टेंपो चालक की मौके पर मौत हो गई। छह अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज से ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
परिजन उन्हें प्रयागराज के एक निजी अस्पताल में लेकर गए। जहां एक युवती ने दम तोड़ दिया। हादसे से नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। एसडीएम जयसिंहपुर ने घटनास्थल पर डिवाइडर रखवाया। जल्द ही स्पीड ब्रेकर बनाए जाने का आश्वासन देने पर प्रदर्शन खत्म हुआ।
जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के नरायनपुर गांव निवासी अनिल कुमार मिश्र (45), अपने पुुत्र उज्ज्वल मिश्र (17), भाभी ज्योति मिश्र (40) व भांजी नीतू दुबे (21), आंचल दुबे (20), भांजे शोभित दुबे (12) निवासीगण राजापुर थाना कुड़वार के साथ बिझुरी महमूदपुर गांव में अपनी बहन के यहां तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। सभी शुक्रवार सुबह 10 बजे टेंपो से घर वापस जा रहे थे।
पीढ़ी-बिझूरी मार्ग पर परसा गांव के पास सेमरी से आ रहे ट्रक की टेंपो से टक्कर हो गई। टेंपो सड़क के किनारे खाई में जा गिरा। टेंपो चालक शशिकांत पांडेय (45) निवासी पांडेयपुर थाना गोसाईगंज की घटनास्थल पर मौत हो गई। अनिल, उज्ज्वल, ज्योति, नीतू, आंचल व शोभित गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। सभी को ट्राॅमा सेंटर, लखनऊ रेफर कर दिया गया। जबकि परिजन घायलों को प्रयागराज के एक निजी अस्पताल में ले गए। वहां पर आंचल (20) की मौत हो गई। परसा गांव में दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।