वेतन बहाली की मांग को लेकर बीएसए से मिले शिक्षक।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। नामांकन की स्थिति शून्य होने पर जिले के 188 प्रधानाध्यापकों का वेतन खंड शिक्षाधिकारियों की संस्तुति पर रोका गया है। शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को बीएसए से मिलकर धनपतगंज, दूबेपुर व लंभुआ के प्रधानाध्यापकों का वेतन बहाल करने की मांग की।
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राजेंद्र पांडेय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बीएसए दीवान सिंह यादव से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन दिया। कहा कि जनपद के आधे से अधिक विकास खंडों में लक्ष्य से ज्यादा नामांकन भी हुआ है। कुछ क्षेत्रों में लक्ष्य पूर्ण होना अभी बाकी है, जिसे ग्रीष्मावकाश के बाद पूर्ण कर लिया जाएगा। कुछ जगहों पर पोर्टल की समस्या की वजह से नामांकन का अपडेशन नहीं हो पाया है। धनपतगंज में 77, दूबेपुर में 37 व लंभुआ में 74 विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के वेतन रोकने की संस्तुति खंड शिक्षाधिकारियों ने की है। उन्होंने रोके गए वेतन को बहाल किए जाने की मांग की है। प्रतिनिधिमंडल में मंत्री दिनेश उपाध्याय, राम आशीष मौर्य, शमीम अहमद, लीला यादव, मालती सिंह, वैभव भटनागर समेत कई लोग मौजूद रहे।