सुल्तानपुर। तदर्थ शिक्षकों को टीजीटी और पीजीटी की परीक्षा में भारांक (वेटेज) देने के मामले में माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने डीआईओएस कार्यालय से सूचना मंगाई है। जिले से बड़ी संख्या में तदर्थ शिक्षकों ने टीजीटी, पीजीटी परीक्षा में हिस्सा लिया है।
प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक व पोस्ट ग्रेजुएट शिक्षक की लिखित परीक्षा अगस्त में आयोजित हुई थी। इस परीक्षा में बड़ी संख्या में तदर्थ शिक्षकों ने आवेदन करते हुए प्रतिभाग किया था। परीक्षा हो जाने के बाद माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन आयोग तदर्थ शिक्षकों को भारांक देने के मामले में निर्णय नहीं ले पा रहा है। सबंधित जिलों को पत्र भेजकर सूचनाएं मांगी जा रही हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय को शिक्षकों की सूची भेज कर उनसे संबंधित सूचना मांगी गई है।
उम्मीद है कि सूचना प्राप्त होने के बाद रिजल्ट घोषित किए जाने की उम्मीद है। जिला विद्यालय निरीक्षक वीपी सिंह ने बताया कि माध्यमिक सेवा चयन आयोग की ओर से जो सूचनाएं मांगी गई है, उसे तैयार कर भेजा जा रहा है। भारांक देने के मामले में निर्णय आयोग अथवा शासन को करना है।
चयन बोर्ड ने भेजी 191 आवेदकों की सूची
माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज ने जिले से संबंधित 191 आवेदकों की सूची जिला विद्यालय निरीक्षक को भेजी है। सूची में शामिल शिक्षकों के संबंध में आयोग ने सूचना तलब की है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में बड़ी संख्या में शिक्षकों से संबंधित कागजातों का प्रिंट आउट निकाला गया है।