अमेठी। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा 2019 के लिए जिले में 11 केेंद्र बनाने का निर्णय लिया गया है। जिलास्तरीय कमेटी ने परीक्षा केंद्रों का प्रस्ताव सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी के पास भेज दिया है। अनुमोदन मिलने के बाद परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी होगी। 22 दिसंबर को आयोजित परीक्षा में 8,522 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
प्रदेश सरकार के निर्देश पर परिषदीय स्कूलों में शिक्षक पद की नियुक्ति के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा आगामी 22 दिसंबर को जिले के 11 केंद्रों पर होगी। सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी अनिल भूषण चतुर्वेदी का पत्र मिलने के बाद जिले को आवंटित 8,522 परीक्षार्थियों के सापेक्ष जिलास्तरीय कमेटी ने चारों तहसील क्षेत्रों के 11 कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाने का प्रस्ताव भेजा है।
सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी का अनुमोदन मिलने के बाद प्रस्तावित केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए जिला प्रशासन सीसीटीवी कैमरे व सुरक्षा बल के साये में नकलविहीन परीक्षा संपादित कराएगा।
एएओ ने बताया कि प्रस्तावित कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को पत्र भेजकर परीक्षा के दौरान मूलभूत सुविधाओं के साथ ही सीसीटीवी कैमरे आदि का प्रबंध करने को कहा गया है। सचिव का अनुमोदन मिलने के बाद माध्यमिक शिक्षा विभाग नकलविहीन परीक्षा कराएगा।
सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी आशुतोष मिश्र ने बताया कि अमेठी तहसील में शहर के आरआर पीजी कॉलेज व जीजीआईसी, रामनगर स्थित रणवीर इंटर कॉलेज, जीआईसी टीकरमाफी, मुसाफिरखाना तहसील में कस्बा स्थित जीजीआईसी व एएच इंटर कॉलेज, गौरीगंज में इंदिरा गांधी पीजी कॉलेज, श्री रणंजय इंटर कॉलेज व जीजीआईसी के साथ जीजीआईसी जामों व तिलोई तहसील में जायस स्थित मलिक मोहम्मद भारती इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र के रूप में प्रस्तावित किया गया है।