सुल्तानपुर। लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर शनिवार की सुबह बाइक सवार सगे भाइयों को तेज रफ्तार एसयूवी ने रौंद दिया। इस हादसे में बड़े भाई की मौत हो गई। छोटे भाई को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है।
यह हादसा बंधुआकलां क्षेत्र के मुडई नेवादा मोड़ के पास हुआ जिसमें सुनील यादव (30) की मौत हो गई। धम्मौर क्षेत्र के नरही हरिनाथपुर निवासी सुनील यादव शटरिंग का काम करता था। शनिवार की सुबह सुनील अपने छोटे भाई अरविंद कुमार (18) के साथ बाइक से जा रहा था। उनकी बाइक को हाईवे पर मोड़ के पास तेज रफ्तार एसयूवी रौंदते हुए निकल गई।
हादसे में सुनील और अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सुनील को मृत घोषित कर दिया। अरविंद की हालत नाजुक होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है। बंधुआकलां थाना प्रभारी रवींद्र सिंह ने बताया कि दुर्घटना करने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।
अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर कमनगढ़ के पास शनिवार को तेज रफ्तार एसयूवी ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में कोतवाली देहात क्षेत्र के तिवारीपुर गांव निवासी आशीष तिवारी (22) और पूरे नथऊ गांव निवासी अरुण मिश्र (26) गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक को टक्कर मारते हुए एसयूवी सवार भाग निकले। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।