गोसाईगंज (सुल्तानपुर)। क्षेत्र के इटकौली गांव में चल रही तीन दिवसीय बैडमिंटन टूर्नामेंट का रविवार को समापन हुआ। फाइनल मैच अयोध्या व सुल्तानपुर की टीम के बीच खेला गया। इसमें सुल्तानपुर की टीम ने ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
इटकौली गांव में कोशिश एक उम्मीद संस्था के बैनर तले तीन दिवसीय बैडमिंटन टूर्नामेंट का रविवार को समापन हुआ। पहला सेमीफाइनल चौरेबाजार टीम के अजीत व यूसुफ और सुल्तानपुर टीम के विपुल व इंद्रेश की जोड़ी के बीच हुआ। विपुल व इंद्रेश की जोड़ी ने 2-0 के अंतर से जीत हासिल कर ली।
दूसरा सेमीफाइनल स्टेडियम सुल्तानपुर के अनूप व रयान और अयोध्या टीम के रजत व कुलदीप के बीच खेला गया। इसमें रजत-कुलदीप की जोड़ी ने 2-1 के अंतराल से जीत हासिल की। फाइनल मैच विपुल-इंद्रेश व रजत-कुलदीप के बीच हुआ। इसमें सुल्तानपुर टीम के विपुल-इंद्रेश की जोड़ी ने अयोध्या टीम की जोड़ी को 2–0 के अंतराल से पराजित कर फाइनल मैच अपने नाम कर लिया।
संस्था के प्रबंधक जुनूर अहमद ने बताया कि टूर्नामेंट हर साल कराया जाता है। विजेता व उप विजेता टीम को आयोजक मंडल की ओर से पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर डाॅ. सादिक अली, अविनाश पटेल, शबी अहमद रिजवी, शाकिब, हकीकउज्जमा, रिजवान अहमद, ओपी वर्मा, इमरान अहमद ,सैय्यद एहसान, असद व अमान वामिक समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।