यूपी के अस्पतालों के बारे में विवादित टिप्पणी करने के मामले में गुरुवार को स्पेशल मजिस्ट्रेट एमपी-एमएलए योगेश कुमार यादव ने दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री व आम आदमी पार्टी के नेता सोमनाथ भारती के खिलाफ समन जारी करने का आदेश दिया है। मामले में अगली सुनवाई 14 जून को होगी। मामला अमेठी जिले के जगदीशपुर थाने से जुड़ा है।
अभियोजन पक्ष के मुताबिक आप नेता सोमनाथ भारती जनवरी 2021 में उत्तर प्रदेश के दौरे पर आए थे। आरोप है कि उन्होंने जगदीशपुर के रामलीला मैदान में पत्रकारों से उत्तर प्रदेश के अस्पतालों में बच्चे के जन्म को लेकर अशोभनीय टिप्पणी की थी। इससे आहत जगदीशपुर के हरपालपुर गांव निवासी सोमनाथ शाहू की तहरीर पर पुलिस ने पूर्व कानून मंत्री सोमनाथ भारती के खिलाफ जगदीशपुर थाने में नौ जनवरी 2021 को केस दर्ज किया था।
पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा था। बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी। मामले की सुनवाई एमपी-एमएलए कोर्ट के स्पेशल मजिस्ट्रेट योगेश कुमार यादव की कोर्ट में चल रही है। विशेष लोक अभियोजक कालिका प्रसाद मिश्र ने बताया कि गुरुवार को अदालत ने पूर्व कानून मंत्री सोमनाथ भारती के खिलाफ समन जारी कर उन्हें कोर्ट में तलब किया है।