सुल्तानपुर। लोकतंत्र की अदालत में पांचों विधानसभा क्षेत्रों के 44 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला बृहस्पतिवार को हो गया है। नतीजे सामने आ रहे हैं। भाजपा के विनोद सिंह इस सीट से आगे चल रहे हैं। वहीं, समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार अनूप सांडा कम वोटों के अंतर से दूसरे नंबर पर हैं। बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार डाक्टर देवी प्रसाद सहाय तीसरे स्थान पर हैं। एआईएमआईएम के मिर्जा अकरम बेग चौथे तो वहीं, कांग्रेस के उम्मीदवार फिरोज खान इन सभी से पीछे चल रहे हैं।
मतदान के लिए जिले में बनाए गए 2244 बूथों पर 10,53,302 मतदाताओं ने विभिन्न प्रत्याशियों के पक्ष में अपना फैसला दिया है। इनमें 5,11,238 पुरुष व 5,42,032 महिलाएं शामिल हैं। अमहट स्थित मंडी परिषद में मतगणना को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। सुरक्षा में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस व अर्द्धसैनिक बल को लगाया गया था।
विधानसभा चुनाव की मतगणना की संवेदनशीलता को देखते हुए मंडी परिषद में कड़ी व्यवस्था की गई थी। मंडी परिषद परिसर में बनाए गए पांचों विधानसभा क्षेत्रों के पंडाल समेत आसपास बैरिकेडिंग की गई। पंडाल में गणना टेबलों को बैरिकेडिंग से सुरक्षित कर दिया गया।
प्रत्येक टेबल के सामने एजेंटों के लिए व्यवस्था की गई। निर्वाचन अधिकारी, सहायक निर्वाचन अधिकारी, अन्य कर्मियों व प्रेक्षक के लिए भी पंडाल में मेज लगाई गई है। मंडी समिति के मुख्य गेट से लेकर पंडाल तक बैरिकेडिंग से सुरक्षित कर दिया गया है।
मंडी परिषद में एक मीडिया सेंटर भी बनाया गया है। मीडिया सेंटर में मीडिया के लोगों के लिए इंतजाम किया गया है। सेंटर में प्रदेश समेत अन्य प्रदेशों की मतगणना के नतीजों के प्रसारण के लिए एलईडी की व्यवस्था की गई है।