सुल्तानपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद यूपी बोर्ड परीक्षा-2026 की तैयारियों को लेकर बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा को शांतिपूर्ण, नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी केंद्रों पर डबल लॉक व्यवस्था वाले स्ट्रांग रूम तैयार किए गए हैं।
स्ट्रांग रूम और परीक्षा केंद्रों पर 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे, वायर रिकॉर्डर युक्त कैमरे, डीवीआर सिस्टम और हाईस्पीड इंटरनेट के माध्यम से ऑनलाइन लाइव मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है। जिले स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, डीएम ने जिला विद्यालय निरीक्षक सूर्य प्रकाश सिंह को निर्देशित किया कि सभी केंद्रों की लगातार निगरानी की जाएगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर अनियमितता या लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।