सुल्तानपुर में शादी का झांसा देकर रुपये और जेवर वसूलने वाले कथित ‘लुटेरी दुल्हन गैंग’ का पुलिस ने पर्दाफाश किया। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। नकदी व आभूषण बरामद हुए हैं। दूल्हे पक्ष से धमकी देकर वसूली का आरोप है, जांच जारी है।
सात फेरों के बाद शुरू हुआ सौदेबाजी का खेल आखिरकार पुलिस की गिरफ्त में आ गया। शादी का झांसा देकर दूल्हे पक्ष से रुपये और जेवरात वसूलने वाले कथित ‘लुटेरी दुल्हन गैंग’ का धनपतगंज पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से नकदी और जेवरात भी बरामद किए हैं।
विज्ञापन
राजस्थान के करौली जनपद के थाना बालघाट क्षेत्र के मोहनपुरा गावणी निवासी जगदीश पुत्र नानकराम ने 11 फरवरी को धनपतगंज थाने में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि वह अपने पुत्र रोहिताश की शादी के सिलसिले में देवरिया गए थे। आरोप है कि 10 फरवरी की रात करीब आठ बजे, विवाह के बाद लौटते समय पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के 110 किलोमीटर के पास स्थित कैंटीन के निकट आरोपियों ने गाड़ी रुकवा ली।
मुकदमे में फंसाने की धमकी देती थीं
पीड़ित के अनुसार, वहां मौजूद लोगों ने 64 हजार रुपये की मांग की और रुपये न देने पर झूठे दुष्कर्म व खरीद-फरोख्त के मुकदमे में फंसाने तथा जान से मारने की धमकी दी। अचानक बने दबाव और भय के माहौल में दूल्हे पक्ष को सात हजार रुपये मौके पर देने पड़े। इसके बाद पीड़ित ने सुल्तानपुर पहुंचकर पुलिस से शिकायत की।
टीम गठित कर पकड़ा
क्षेत्राधिकारी बल्दीराय के नेतृत्व में टीम गठित की गई। थाना प्रभारी नन्दलाल ने मुखबिर की सूचना पर बेनीपुर अंडरपास के पास घेराबंदी कर सुनील कुमार (35) पुत्र रामरूप प्रसाद निवासी विशुनपुर बेतालपुरा थाना गौरीबाजार देवरिया, मुस्कान उर्फ सुमन उर्फ प्रियंका (23) पत्नी परवेज, शशि भारती (26) पत्नी श्याम बिहारी तथा रानी निशा (42) पत्नी इकबाल खान निवासी लंगड़ा बाजार थाना भलुअनी देवरिया को गिरफ्तार किया।
विज्ञापन
पुलिस ने 19,500 रुपये नकद, दो पायल, चार बिछिया, लाल मोती का मंगलसूत्र और एक लॉकेट बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।