सुल्तानपुर। पुलिस टीम पर हमला कर दरोगा की पिस्तौल छीनने के आरोपी व 50 हजार के इनामी डोभियारा निवासी दशरथ सिंह को सोमवार दोपहर में लखनऊ की एसटीएफ टीम व हलियापुर पुलिस ने आमघाट पुल के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी को पुलिस ने रिमांड मजिस्ट्रेट नीरज यादव की कोर्ट में पेश किया, वहां से उसे जेल भेजा दिया।
क्षेत्राधिकारी बल्दीराय आशुतोष कुमार ने बताया कि हलियापुर के आमघाट पुल के पास सोमवार दोपहर करीब करीब डेढ़ बजे लखनऊ एसटीएफ के उप निरीक्षक फैजुद्दीन सिद्दीकी व हलियापुर थानाध्यक्ष वंदना अग्रहरि के नेतृत्व में टीम ने दशरथ सिंह को गिरफ्तार किया। सीओ ने बताया कि गत वर्ष 20 नवंबर को अयोध्या जिले के कुमारगंज थाने में दर्ज एक मामले में पुलिस टीम डोभियारा निवासी आदर्श सिंह को गिरफ्तार करने गांव पहुंची थी।
आदर्श ने अपने परिजनों के साथ मिलकर पुलिस टीम पर हमला कर एक दरोगा की सरकारी पिस्टल व मोबाइल छीन लिया था। इस घटना के बाद ही पुलिस ने आरोपी आदर्श व उसके पिता दशरथ पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
पिता को गिरफ्तार करने से पहले बीते शनिवार को पुलिस बल्दीराय के सेमरा धुनी बाबा रोड पर देर रात आरोपी आदर्श सिंह को एक मुठभेड़ गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। (संवाद)