स्थानीय कस्बे में आयोजित दो दिवसीय श्रीकृष्ण बरही समारोह का समापन मंगलवार की देर रात हो गया। जगह-जगह सजाई गई भगवान श्रीकृष्ण की झांकियां श्रद्घालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। आकर्षक झांकियां व रोड लाइटों को पुरस्कृत किया गया। रात भर प्रसाद वितरण व भंडारे का आयोजन चला।
बीते कई साल से कस्बे में श्रीकृष्ण बरही समारोह मनाया जा रहा है। लगातार दो दिनों तक चलने वाले समारोह में कई झांकियां निकाली जाती हैं। कस्बे के दियरा रोड स्थित शेषनाग पर श्रीकृष्ण, माखन चुराते श्रीकृष्ण, केडी सेवा समिति ने भगवान शंकर-पार्वती, पठखौली मार्ग पर अमरनाथ बाबा बर्फानी के रूप की झांकी सजाई गई थी। हरिदर्शन पूजा समिति ने राधा-कृष्ण नृत्य का जीवंत चित्रण किया गया था।
बजरंग दल ने भगवान श्रीकृष्ण के राक्षस वध व शेषनाग पर भगवान श्रीकृष्ण का चित्रण किया था। पूरी रात कस्बे में कई स्थानों पर नौटंकी, बिरहा, जागरण आदि कार्यक्रम का श्रद्धालुओं ने लुत्फ उठाया। हिंदू-मुस्लिम एकता समिति के तत्वावधान में विधायक संतोष पांडेय ने तीन आकर्षक झांकियों और रोड लाइटों को पुरस्कृत किया। विहिप के बजरंग दल को प्रथम, हरिदर्शन पूजा समिति को द्वितीय और बम-बम सेवा समिति को तृतीय स्थान का पुरस्कार दिया गया। विधायक ने मंगलवार की रात सजे पंडालों में पहुंच आरती की।