सुल्तानपुर। लंभुआ की संकुल स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन चौकिया के खेल मैदान में किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ पब्लिक इंटर कॉलेज चौकिया के प्रधानाचार्य डॉ. दिनेश सिंह ने किया। लंभुआ बीईओ अजय सिंह ने प्रतिभागी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
खो-खो में उच्च प्राथमिक विद्यालय परशुरामपुर की बालिकाएं प्रथम रहीं। बालक वर्ग कबड्डी में कंपोजिट विद्यालय भरकट की टीम पहले स्थान पर रही। भदैंया में न्याय पंचायत स्तरीय प्रतियोगिता में भपटा व नरायनपुर के बच्चों का दबदबा रहा। नौबस्ता प्राथमिक विद्यालय के परिसर में आयोजित न्याय पंचायत स्तरीय प्रतियोगिता में बालक वर्ग में कबड्डी व खो-खो में नरायनपुर की टीम विजयी रही। 200 मीटर दौड़ में भपटा के पवन व अंकित ने बाजी मारी।