भदैंया। क्षेत्र से निकलीं माइनरों की सिल्ट सफाई के नाम पर सिर्फ रस्म अदायगी की गई है। इससे माइनरों की चौड़ाई कम हो गई है। माइनरों में सिल्ट के साथ ही अगल-बगल झाड़ियां मौजूद होने से सिंचाई के लिए पानी न मिलने की शिकायत भी किसानों ने क्षेत्रीय विधायक सीताराम वर्मा से की है।
किसान सुधाकर मिश्र, रणजीत सिंह व शिव बहादुर यादव ने बताया कि पिछले दिनों जेसीबी से बभनगंवा माइनर की सिल्ट सफाई की गई थी। सिल्ट सफाई में खानापूरी से अधिकतर स्थानों पर माइनर की चौड़ाई दो मीटर से भी कम हो गई है। यही हाल भदैंया माइनर का भी है। मुरारपुर, लोदीपुर, बरुई, झौवारा, अभियाकला, टोड़रपुर, गोपालपुर, अभियाखुर्द, दोमुहा, बभनगंवा, पन्नाटिकरी में सफाई के बाद भी माइनर में सिल्ट व झाड़ियां मौजूद हैं।
किसान राम अछैवर पांडेय, शिवाकांत वर्मा ने बताया कि पटरियों पर मिट्टी का ढेर लगाने के बाद उसे समतल नहीं किया गया। माइनरों पर मौजूद पुलों के नीचे सफाई नहीं की गई है। इससे माइनरों में पानी छोड़े जाने पर भी पानी टेल तक नहीं पहुंच रहा है। पानी के दबाव से पटरी कटने का खतरा बना रहेगा। सिंचाई खंड के अवर अभियंता पंकज कुमार यादव ने बताया कि माइनरों की सफाई मानक के अनुसार की जा रही है। पुलों के नीचे की सिल्ट भी साफ कराई जाएगी। (संवाद)