सुल्तानपुर। एलपीजी घटतौली की लगातार आ रही शिकायतों की जांच के लिए बाट माप विभाग के अधिकारी शनिवार को सड़क पर उतरे। उन्होंने जगह-जगह एलपीजी लदी गाड़ियों को रोककर चेकिंग की। इसमें छह सिलिंडरों में घटतौली मिली। अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए सिलिंडर को कब्जे में लिया है।
उपभोक्ता संरक्षण एवं बाट माप अधिकारी सुलभ दीक्षित व वरिष्ठ सहायक सौरभ सिंह की टीम ने सबसे पहले डाकखाना चौराहे पर बस स्टेशन स्थित एक गैस एजेंसी के डिलीवरी वाहन को रोककर उसमें रखे एलपीजी सिलिंडर की जांच की। एक में 2.5 व दूसरे में 2.6 किलो गैस कम पाई गई। गोसाईंगंज बाजार में उसी एजेंसी के दूसरे डिलीवरी वाहन को रोककर चेकिंग की गई। जिसमें तौल उपकरण में कमी मिली। सीताकुंड निवासी सर्वेश सिंह की शिकायत पर घर जाकर बस स्टेशन स्थित गैस एजेंसी के द्वारा दिए गए एलपीजी सिलेंडर की जांच की गई तो यहां भी घरेलू गैस सिलिंडर में से 3.6 किलो की कमी मिली। इसी तरह नार्मल चौराहा स्थित गैस एजेंसी, दोस्तपुर और कुड़वार की एजेंसी के वाहन पर लदे सिलिंडरों की जांच हुई तो सब में से गैस की कमी प्राप्त हुई।
एजेंसियों के खिलाफ होगी कार्रवाई
जिला बाटमाप अधिकारी सुलभ दीक्षित ने बताया कि जिन एजेंसियों में घटतौली मिली है, सभी एजेंसियों के विरूद्ध चालान के साथ ही अन्य विभागीय कार्रवाई की जा रही है। गैस कम पाए गए सिलेंडरों को सघन जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। बताया कि घटतौली के विरुद्ध विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा। अनियमितता पाए जाने पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।